Ranchi : रांची के रिम्स में चिकित्सकों और कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को रिम्स सेलेक्शन कमेटी की बैठक में साल के अंत तक सभी जरूरी टीचिंग पदों को भरने का लक्ष्य तय किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में रिम्स में डॉक्टरों और कर्मचारियों की मौजूदा स्थिति और खाली पदों की समीक्षा की गई। विभागों की जरूरत के हिसाब से पदों के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई।
जरूरत के अनुसार पदों का होगा पुनर्गठन
अजय कुमार सिंह ने रिम्स में स्वीकृत पदों और वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों का पूरा आकलन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागों की जरूरत के अनुसार पदों का रेशनलाइजेशन किया जाए और मानव संसाधन ढांचे को बेहतर बनाया जाए।
प्रोफेसर से लेकर अन्य पदों की समीक्षा
बैठक में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर समेत अन्य टीचिंग पदों की स्थिति पर चर्चा हुई। एएनएम, जीएनएम और अन्य कर्मचारियों के पदों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को पदोन्नति के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही भर्ती और नियुक्ति प्रक्रिया को समय पर पूरा करने को कहा गया।
रिम्स में 100% HMIS लागू करने का निर्देश
बैठक में रिम्स के सभी विभागों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) को 100 प्रतिशत लागू करने पर भी जोर दिया गया। सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग में HMIS का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग और रिम्स के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




