Ranchi : रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमणमुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए बुधवार को कई इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध होर्डिंग, ढांचे और सड़क के मीडियन पर बने कीओस्क हटाए गए।
नगर निगम के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, बेहतर यातायात और लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
सेटेलाइट चौक के पास दो गैरेज हटाए
अभियान के दौरान सेटेलाइट चौक (डीपीएस चौक) के पास अवैध रूप से चल रहे दो गैरेज हटाए गए। वहीं, वार्ड-44 के दरजी मोहल्ला स्थित जलसा सामुदायिक भवन के ऊपर लगे अवैध होर्डिंग के एक यूनिट को भी हटाया गया।
खेलगांव इलाके में चार अवैध होर्डिंग हटाए गए। इसके अलावा बरियातू रोड के मीडियन पर बने 30 से अधिक कीओस्क को भी हटा दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने कहा कि सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और यातायात मार्गों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य शहर को सुरक्षित, साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना है।




