रांची: लगातार हो रही बारिश के कारण रांची के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। इसे देखते हुए रांची नगर निगम अलर्ट मोड पर है। निगम की टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में जल निकासी का अभियान शुरू किया है।
1200 सफाई मित्र और मशीनें तैनात
नगर निगम ने करीब 1200 सफाई मित्रों को अलग-अलग वार्डों में तैनात किया है। बड़े नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई के लिए 4 JCB और 2 सुपर सकर मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
साकेत नगर और पंचशील नगर में सुपर सकर मशीनों से पानी निकाला गया। वहीं काली टावर, तुपुदाना और पंडरा में मोटर पंप की मदद से जल निकासी की गई।
कई इलाकों में चलाया गया अभियान
नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने सूचना मिलते ही कई संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। इनमें बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, प्रगति विहार, साकेत नगर, द्वारकापुरी, सेवा सदन, बहूबाजार, दीपाटोली, पंचशील नगर, अरगोड़ा, बड़ा घाघरा और एचबी रोड स्थित काली टावर शामिल हैं।
नालियों में कचरा नहीं डालने की अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नालियों में प्लास्टिक और कचरा न डालें। इससे पानी की निकासी बाधित होती है और जलजमाव की समस्या बढ़ जाती है।
शहर में कहीं भी जलजमाव होने पर नागरिक नगर निगम की हेल्पलाइन 1800-570-1235 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।




