फॉण्ट कनवर्टर NEW

स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की भूमिका निर्णायक : मंत्री श्रवण कुमार

पुनपुन में स्वास्थाकामना इमरजेंसी हॉस्पिटल का उद्घाटन, मंत्री श्रवण कुमार ने डॉक्टरों की भूमिका और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।
मंत्री

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna : ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने शुक्रवार को पटना के पुनपुन में डॉ. कार्तिक कुमार एवं डॉ. शालिनी के स्वास्थाकामना इमरजेंसी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद जरूरी हैं।

गांव और छोटे शहरों तक पहुंचे बेहतर इलाज

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य संस्थानों का मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर काम कर रही है और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को समाज में भगवान का दूसरा रूप माना जाता है। बीमारी और आपात स्थिति में डॉक्टर ही मरीज और उसके परिवार के लिए सबसे बड़ी उम्मीद बनते हैं। इसलिए स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक है।

निजी क्षेत्र की पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती

मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकारी प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी भी जरूरी है। निजी अस्पताल और चिकित्सक यदि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराते हैं तो इससे लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की परेशानी कम होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद करेंगे।

स्वास्थाकामना इमरजेंसी हॉस्पिटल के शुरू होने से पुनपुन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। खासकर आपात स्थिति में नजदीक इलाज की सुविधा मरीजों और उनके परिजनों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

उद्घाटन समारोह में विधायक रामानंद मंडल और विधायक अरुण मांझी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान अस्पताल से जुड़े चिकित्सकों और कर्मचारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

Also Read : गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा मैदान, पंचायतों में खेल क्लब बनाने की तैयारी

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram