Ranchi : उच्च शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू से जुटान के अध्यक्ष जगदीश लोहरा ने मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और 2008 बैच के विश्वविद्यालय शिक्षकों को स्टेज-1 से स्टेज-2 में प्रोन्नति देने के निर्णय पर आभार व्यक्त किया। श्री लोहरा ने कहा कि झारखंड सरकार और जेपीएससी की संवेदनशीलता के कारण 17 वर्षों से लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी हो सकी है। इसके साथ ही कोल्हान विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों के शिक्षकों की प्रोन्नति प्रक्रिया भी इस माह तक पूरी होने की उम्मीद जताई गई।
श्री लोहरा ने मंत्री से आग्रह किया कि 2008 बैच के शिक्षकों को स्टेज-2 से स्टेज-3 में प्रोन्नति देने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए, क्योंकि वे सभी आवश्यक अर्हताओं को पूरा करते हैं। साथ ही राज्य के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध भी किया गया।
श्री लोहरा ने उच्च शिक्षा मंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव भी रखा कि संगठन द्वारा रांची में राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाए, जिसमें मुख्यमंत्री को आमंत्रित कर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने और प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा। मंत्री ने सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री को अवगत कराने का आश्वासन दिया और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।



