Ranchi : झारखंड में होने वाले घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राजधानी रांची स्थित निर्वाचन सदन में आयोजित इस बैठक में राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाना था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो चुकी है। सभी राजनीतिक दलों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके कार्यकर्ता भी नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की आचार संहिता उल्लंघन की स्थिति न बने।
श्री के. रवि कुमार ने सभी दलों से आग्रह किया कि वे अपने बीएलए-1 और बीएलए-2 प्रतिनिधियों की नियुक्ति शीघ्र करें और उनके विवरण निर्वाचन कार्यालय को समय पर सौंपें, ताकि मतदान से संबंधित प्रक्रियाओं में समुचित समन्वय हो सके। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पूरे मतदान दिवस के दौरान वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र की सीमाओं पर चेकपोस्ट भी स्थापित किए गए हैं, जहां कैमरे के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में निर्वाचन आयोग की ओर से आदर्श आचार संहिता के पालन से जुड़े दिशा-निर्देश, ‘क्या करें और क्या न करें’ की सूची, मतदान केंद्रों पर वैकल्पिक पहचान पत्रों की गाइडलाइन और प्रेस नोट की कॉपियां सभी दलों को उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल द्वारा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार को टिकट दिया जाता है, तो उन्हें आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत फॉर्म 1, 2 और 7 में आवश्यक जानकारी सार्वजनिक करनी होगी, ताकि मतदाताओं को पारदर्शी जानकारी मिल सके।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कई सुझाव भी दिए, जिन पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आयोग की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए इन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में नोडल पदाधिकारी (राजनीतिक दल) देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



