Ranchi News: रांची के सदर थाना क्षेत्र में कोकर सुभाष चौक के पास देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब छिनतई के इरादे से दो मीडिया कर्मियों पर हमला किया गया। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट (Inext) से जुड़े दो पत्रकार कार्यालय से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उन पर धावा बोल दिया और मारपीट करते हुए सामान छीनने की कोशिश की।
घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ पल के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए। बिना डरे लोगों ने हमलावरों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों बदमाशों को दबोच लिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से बड़ी वारदात टल गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी छिनतई की नीयत से ही मीडिया कर्मियों को निशाना बना रहे थे।
इस खबर को भी पढ़ें : अरगोड़ा में छिनतई की कोशिश नाकाम, युवक ने अपराधियों से छीना मोबाइल, बाइक छोड़ भागे बदमाश
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात इस इलाके में गश्त बढ़ाने की जरूरत है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। वहीं, मीडिया कर्मियों पर हुए हमले से पत्रकारों में भी नाराजगी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।



