डुमरी (गुमला)। प्रखंड के मझगांव से पाठ क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। वर्षों से उचित देखरेख और मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे इस मार्ग से रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर डामर की परत लगभग पूरी तरह खत्म हो चुकी है। कई स्थानों पर इतने गहरे गड्ढे बन गए हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों को संभालकर निकालना पड़ता है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
एंबुलेंस पहुंचने में भी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर आपातकालीन स्थिति में देखने को मिलता है। मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के दौरान परिजनों को काफी जोखिम उठाना पड़ता है। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में भी परेशानी होती है।
वहीं, पाठ क्षेत्र के किसान अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में दिक्कत झेल रहे हैं। स्कूली बच्चों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भी खराब सड़क के कारण अतिरिक्त समय और परेशानी उठानी पड़ रही है। गड्ढों के कारण वाहनों में खराबी आने से वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
आश्वासन के बाद भी नहीं बदली स्थिति
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई। लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत अथवा पक्कीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण सड़क जाम और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।




