रांची। रातू रोड स्थित कृष्ण नगर कॉलोनी के श्री राधा कृष्ण मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शुक्रवार को मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर परिसर को बंगाल से आए कारीगर आकर्षक तरीके से सजाएंगे। इस मौके पर कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
रात 9 बजे से भजन संध्या
मंदिर में रात 9 बजे से भजन संध्या शुरू होगी। सबसे पहले श्री दुर्गा जागरण मंडली के कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश के मऊ से आए भजन गायक शुभम प्रताप सिंह भक्तों को भजनों से मंत्रमुग्ध करेंगे।
मीडिया प्रभारी अरुण जसूजा ने बताया कि सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंदिर के पंडित संस्कृत में श्रीमद्भागवत गीता का पाठ करेंगे। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक भक्त सामूहिक हरिगीता पाठ करेंगे।
कृष्ण जन्म के समय होगी विशेष झांकी
भगवान श्री कृष्ण के जन्म के समय मंदिर परिसर में विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मंदिर के प्रधान नंदकिशोर अरोड़ा सहित मंदिर समिति के सदस्य और समाज के कई लोग आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने की अपील की है।




