फॉण्ट कनवर्टर NEW

लालपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक के बैग से निकला रेड सैंड बोआ सांप

राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक के झोले से दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया है। युवक की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी टीलू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक के झोले से दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप बरामद किया है। युवक की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी टीलू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, सांप को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।

पुलिस को देखकर भाग निकले दो युवक

जानकारी के मुताबिक, लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन लोगों को रोकने की कोशिश की थी। पुलिस को देखते ही दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। जब पुलिस ने उसके झोले की तलाशी ली तो उसमें रेड सैंड बोआ सांप मिला।

सांप मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।

दोस्त का सांप होने का किया दावा

पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवक टीलू ने बताया कि यह सांप उसके दोस्त का है। हालांकि, सांप कहां से लाया गया था और उसे रांची लाने का क्या उद्देश्य था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

पुलिस और वन विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि मामला वन्यजीवों की अवैध तस्करी से जुड़ा है या नहीं। साथ ही फरार हुए दोनों लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

रेड सैंड बोआ की कीमत को लेकर कई दावे

रांची के डीएफओ श्रीकांत ने बताया कि रेड सैंड बोआ दुर्लभ प्रजाति का सांप है। अवैध अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी काफी ऊंची कीमत होने की बातें कही जाती हैं। हालांकि, इसकी कीमत करोड़ों रुपये होने के दावों की कोई प्रमाणित जानकारी नहीं है।

अंधविश्वास के कारण भी होती है तस्करी

रेड सैंड बोआ सांप को लेकर कई तरह के अंधविश्वास प्रचलित हैं। कुछ लोग इसे धन और सौभाग्य से जोड़कर देखते हैं। वहीं, कुछ देशों में पारंपरिक चिकित्सा से जुड़ी मान्यताओं के कारण भी इसकी मांग होने की बात कही जाती है।

हालांकि, इन मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram