धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार को भू-धंसान की बड़ी घटना सामने आई। अचानक जमीन धंसने से करीब एक दर्जन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक दो मंजिला मकान भी जमीन के अंदर समा गया।
घटना में करीब 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव दल ने राहत और बचाव अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले तेज आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर में जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। देखते ही देखते कई मकान इसकी चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि छाताबाद इलाका भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के खनन क्षेत्र के पास स्थित है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से चल रहे कोयला खनन और बंद खदानों की सही तरीके से भराई नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और BCCL की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के अन्य मकानों को भी खाली कराया जा रहा है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन और BCCL से मुआवजे और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग की है।




