फॉण्ट कनवर्टर NEW

चांडिल में बड़ा हादसा टला, जर्जर पुल से नहर में जा घुसा बालू लदा हाईवा

Chandil news: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम की मुख्य नहर पर स्थित चैनपुर पुल पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बालू लदा एक हाईवा पुल पार करने के दौरान अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित हो गया। पुल

अपनी भाषा में पढ़ें

Chandil news: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम की मुख्य नहर पर स्थित चैनपुर पुल पर मंगलवार सुबह करीब सात बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बालू लदा एक हाईवा पुल पार करने के दौरान अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित हो गया। पुल पर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण वाहन सीधे मुख्य नहर में जा घुसा। हादसे में चालक सुरक्षित बच निकला, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा पुल से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। यदि पुल पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगी होती, तो संभवतः वाहन पुल से नीचे नहीं गिरता। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुल की बदहाल स्थिति को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर मुख्य नहर का यह पुल पिछले आठ-नौ वर्षों से जर्जर अवस्था में है। पुल की रेलिंग लंबे समय पहले क्षतिग्रस्त हो चुकी है, लेकिन आज तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को लिखित और मौखिक शिकायत दी गई, यहां तक कि आंदोलन भी किए गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत कर सुरक्षा रेलिंग लगा दी जाती, तो मंगलवार की यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। उनका कहना है कि यह हादसा विभागीय उदासीनता का परिणाम है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना सुबह उस समय हुई, जब स्कूल खुलने का समय होने वाला था। यदि कुछ देर बाद यह हादसा होता और पुल पर स्कूली बच्चे या अन्य राहगीर मौजूद रहते, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की तत्काल मरम्मत, सुरक्षा रेलिंग लगाने और पुल की मजबूती की जांच कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि अब भी आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram