अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
AFSANA KHATOON | लोहरदगा
झारखंड के लोहरदगा जिले ने बागवानी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कुड़ू प्रखंड की सलगी पंचायत स्थित रोचो बरवाटोली गांव में जैविक पद्धति से उत्पादित ग्रेड-ए आम्रपाली आम अब दुबई और इटली के बाजारों तक पहुंचेगा।
रविवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने डेढ़ मीट्रिक टन आम की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर कोलकाता के लिए रवाना किया, जहां से इसे समुद्री मार्ग के जरिए विदेश भेजा जाएगा।
यह सफलता जिले के किसानों की मेहनत, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग और जैविक खेती के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। आम के निर्यात की यह प्रक्रिया एपीडा (APEDA) के सहयोग से पूरी की जा रही है, जिससे लोहरदगा के किसानों को वैश्विक बाजार तक सीधी पहुंच मिल रही है।
उपायुक्त ने कहा कि लोहरदगा की मिट्टी और यहां के किसानों की मेहनत में अपार संभावनाएं हैं। रोचो बरवाटोली के किसानों ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसान भी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादन कर विश्व बाजार में अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

