फॉण्ट कनवर्टर NEW

लोहरदगा में प्लंबरों का बढ़ा मान, जल जीवन मिशन के नायकों को मिला सम्मान

Lohardaga: सुरक्षित पेयजल और जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर लोहरदगा में जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जल जीवन मिशन की योजनाओं के

अपनी भाषा में पढ़ें

Lohardaga: सुरक्षित पेयजल और जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर लोहरदगा में जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जल जीवन मिशन की योजनाओं के सफल संचालन और मरम्मत में अहम भूमिका निभाने वाले प्लंबर साथियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। उपायुक्त लोहरदगा के निर्देश के आलोक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल सभागार, लोहरदगा में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्लंबर साथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लोहरदगा के सहायक अभियंता द्वारा प्लंबर साथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने जल महोत्सव पखवाड़ा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं के रख-रखाव और मरम्मत में प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सहयोग के बिना ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाना संभव नहीं है। इस दौरान जिला समन्वयक एवं कनीय अभियंता ने भी जल जीवन मिशन के उद्देश्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में इसके महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है और इसमें प्लंबर साथियों की जिम्मेदारी बेहद अहम है।

कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित योजनाओं के रख-रखाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 10 प्लंबर साथियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मो.मोबारक अंसारी (लोहरदगा), सगीर खान (खरकी), राजकुमार उरांव (देदरिया), सुनील महतो (भंडरा), मनोज यादव (पेशरार), जयप्रकाश यादव (सेन्हा), जाहिद अंसारी (हुरहद), बालकिशुन साव (हाटी), पिंटू (टाटी) तथा ताजुद्दीन (सेन्हा) शामिल हैं।इसके साथ ही सभी प्लंबर साथियों को प्लंबर किट भी प्रदान की गई, जिससे उन्हें जल जीवन मिशन की योजनाओं के रख-रखाव और मरम्मत कार्यों में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से आए प्लंबर साथी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी प्रखंडों के वॉश समन्वयक सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जल महोत्सव पखवाड़ा के माध्यम से जिले में जल संरक्षण, स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जनजागरूकता को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram