Lohardaga: यौमे अशूरा पर त्याग और बलिदान के प्रतीक मुहर्रम का पर्व लोहरदगा में पूरे शांति, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। या अली, या हुसैन, और शहीदाने कर्बला जिंदाबाद जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा। अंजुमन इस्लामिया लोहरदगा और सेन्ट्रल मुहर्रम कमेटी के नेतृत्व में परंपरागत हथियारों और झांकियों के साथ निकले अखाड़ों के जुलूस ने कर्बला की यादों को जीवंत कर दिया। नगर के जामा मस्जिद के समीप सभी अखाड़े एकत्रित हुए।
इमाम हुसैन के बलिदान को किया याद
जहां अंजुमन इस्लामिया के सचिव सैयद शाहिद अहमद बेलू, नायब सदर आरीफ हुसैन बबलू, कोषाध्यक्ष सैयद फिरोज शाह, ज्वाइंट सेक्रेटरी अल्ताफ कुरैशी, अनवर अंसारी भंडरा, किस्को और सेन्हा के सदर तथा सेन्ट्रल मोहर्रम कमेटी के कन्वेनर हाजी सउद आलम, नेहाल कुरैशी, वसीफ कय्यूम, यासीन कुरैशी, रब्बील खान, एजाज कुरैशी, फारूक कुरैशी, हाजी अली रहमान कुरैशी, लुकमान अंसारी, एकरामुल अंसारी, सैयद वसीम, शकील अहमद, इरशाद अहमद आदि पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारी रत्नेश मनोहर ठाकुर ने सभी का स्वागत किया।
मौके पर थाना प्रभारी श्री ठाकुर ने कहा कि मुहर्रम सत्य की विजय और असत्य के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। हमें जीवन में सदैव सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए। नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष बलराम साहू ने कहा यह मुहर्रम सिर्फ रस्म अदायगी नहीं, बल्कि न्याय, बलिदान और इंसानियत का जीवंत संदेश लेकर आया, जो पीढ़ियों तक लोगों को अन्याय के विरुद्ध खड़ा होने की प्रेरणा देता रहेगा। अंजुमन इस्लामिया के सचिव शाहिद अहमद बेलू ने कहा कि रहती दुनिया तक इमाम ए हुसैन का नाम और उनके उसूल कायम रहेंगे। उन्होंने अपने खून से इस्लाम को सींचा। वहीं नायब सदर आरीफ हुसैन बबलू ने कहा कि इमामे हुसैन ने सच्चाई के लिए जान न्योछावर की। यह बलिदान हमें हर दौर में अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाने की प्रेरणा देता है।
ताजियादारी और झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
जुलूस में कुरैशी मोहल्ला, थाना टोली, न्यू रोड, अमला टोली, मिल्लत कॉलोनी, राहत नगर, बांग्ला आजाद बस्ती, पावरगंज सहित दर्जनों मोहल्लों के अखाड़े शामिल हुए। ताज़ियादारी, करतब और करबला की झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जगह-जगह करतबों का प्रदर्शन हुआ, वहीं झांकियों ने करबला की त्रासदी को दृश्य रूप दिया। बड़ा तालाब के समीप मुस्लिम यूथ वेलफेयर सोसायटी सहित कई जगहों पर लोगों ने ठंडे पेय पदार्थ आदि के साथ अखाड़े की स्वागत किया। प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी यह आयोजन सफल रहा।
प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण रहा आयोजन
उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी के निर्देशन में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे। एसडीओ अमित कुमार, डीएसपी समीर तिर्की, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा समेत अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
