रांची : राजधानी रांची के बकरी बाजार दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब मेले में लगा छिपकिली झूला अचानक एक तरफ झुक गया। घटना के समय झूले पर कई लोग सवार थे। अचानक झूले का संतुलन बिगड़ने से लोग घबरा गए। हालांकि, समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बेयरिंग में खराबी आने से बिगड़ा झूले का संतुलन
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। बकरी बाजार पूजा पंडाल में लगे छिपकिली झूले के बेयरिंग में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे झूला एक ओर झुक गया। झूले की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित उतारा गया
झूले में खराबी आने के बाद उस पर सवार लोगों को सावधानीपूर्वक बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। समय पर लोगों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
झूले की सुरक्षा और रखरखाव पर उठे सवाल
दुर्गा पूजा के मौके पर बकरी बाजार पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मेला घूमने वाले लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में झूले में अचानक खराबी आने से उसकी सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस घटना ने पूजा पंडालों में लगाए गए झूलों की तकनीकी जांच की जरूरत को भी सामने ला दिया है। खासकर भीड़भाड़ वाले मेलों में झूलों का सुरक्षित संचालन जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



