डुमरी (गुमला): डुमरी प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मझगांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) गुमला के तत्वावधान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पंचायत की मुखिया श्रीमती ज्योति बहेर देवी की अगुवाई एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही छात्रों के लिए लिखित परीक्षा का भी आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) गुमला के अध्यक्ष श्री अजीत कुमार सिंह एवं सचिव श्री राम कुमार लाल गुप्ता के दिशा-निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी बीरेंद्र नायक ने विद्यार्थियों को बाल विवाह, नशा मुक्ति, शिक्षा का महत्व, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य (SRH), सुरक्षित व्यवहार, कानूनी अधिकार तथा सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि बाल विवाह न केवल सामाजिक कुरीति है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है और शिक्षा ही बेहतर जीवन का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, समाज में फैली भ्रांतियों से दूर रहने तथा सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर चाइल्ड फंड से अजय तिर्की एवं सीता राम मुंडा, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) दीपशिखा तिग्गा, पंचायत साथी रोहिक टोप्पो, मुखिया श्रीमती ज्योति बहेर देवी, विद्यालय की शिक्षिका शशि संगीता सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानूनी रूप से जागरूक, सामाजिक रूप से जिम्मेदार तथा शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था।




