फॉण्ट कनवर्टर NEW

BPSC 70वीं परीक्षा रद्द करने की मांग, पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज

पटना : 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से लोकभवन की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगी पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और

लाठीचार्ज

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना : 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से लोकभवन की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगी पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर बढ़ने की कोशिश की। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति नहीं संभलने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक छात्र के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।

Read More : प्रेगनेंसी में तनाव से बढ़ सकता है मिसकैरेज का खतरा, जानें वजह

वाटर कैनन के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज

गांधी मैदान से मार्च शुरू करने के बाद छात्र राजभवन की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने उसे तोड़ दिया और आगे बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। मौके पर काफी देर तक पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

DSP ने कहा- प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं जाने देंगे

DSP कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि अगर प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे तो पुलिस उन्हें रोकेगी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छात्रों की बातचीत सकारात्मक रही है और उम्मीद है कि छात्र उनकी बात मानेंगे। DSP ने कहा कि छात्रों ने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने कई मुद्दे रखे हैं और बातचीत का नतीजा सकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि अगर छात्र नहीं मानते हैं तो उन्हें वहीं रोक दिया जाएगा और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

TRE-4 में सिंगल स्टेज परीक्षा की मांग

प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस नेता सुशील कुमार ने कहा कि छात्रों की मांग सिर्फ 70वीं BPSC परीक्षा तक सीमित नहीं है। छात्र TRE-4.0 में बदलाव के अलावा BPSC, बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) और सब-इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़े मुद्दों का भी समाधान चाहते हैं। उन्होंने कहा कि TRE-4.0 की परीक्षा हर हाल में सिंगल स्टेज में कराई जानी चाहिए और नेगेटिव मार्किंग खत्म की जानी चाहिए। सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने इन मुद्दों पर अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाने की मांग की। उनका कहना है कि छात्र पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के लिए कोई तैयार नहीं है।

70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने पर अड़े छात्र

बिहार में छात्र 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में अनियमितताएं हुई हैं और पेपर लीक से जुड़े मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही TRE-4 की प्रस्तावित परीक्षा प्रक्रिया को लेकर भी विरोध जारी है। छात्रों को TRE-4 की परीक्षा राज्य में दो चरणों में कराने के प्रस्ताव पर आपत्ति है। वे TRE-4 का आधिकारिक विज्ञापन जारी करने और परीक्षा प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने डिप्टी CM को लिखा पत्र

इस बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने BPSC विवाद को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों को नजरअंदाज नहीं करने और उनके साथ सकारात्मक बातचीत कर तत्काल समाधान निकालने की अपील की। तेजस्वी यादव ने TRE-4 की परीक्षा एक ही चरण में कराने की मांग की। साथ ही BPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में हिंदी भाषी अभ्यर्थियों के साथ कथित भेदभाव को तुरंत खत्म करने की मांग की।

सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग

तेजस्वी यादव ने सब-इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, BSSC और BPSC समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने पिछली परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं से जुड़े लंबित मामलों को जल्द सुलझाने और भर्ती माफिया के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

लंबित परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करने की मांग

तेजस्वी यादव ने सरकार से सभी लंबित परीक्षाओं का समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर जल्द जारी करने की मांग की है। इनमें BSSC इंटरमीडिएट, CGL, ASO, BSO, लाइब्रेरियन और अकाउंटेंट भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। फिलहाल छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोक रही है, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग कर रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram