Latehar News: लातेहार जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए हेरहंज थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को जड़ से उखाड़ फेंका है। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के सख्त निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत करीब तीन एकड़ वन भूमि पर लहलहा रही पोस्ते (अफीम) की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अफीम तस्करों में हड़कंप मच गया है।

दुर्गम जंगलों में चल रहा था नशे का कारोबार

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हेरहंज थाना अंतर्गत पंडारम और मारी गांव के बीच स्थित दुर्गम पहाड़ी और वन क्षेत्रों में छिपाकर बड़े पैमाने पर अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने सोमवार को मोर्चा संभाला। जब टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि घने जंगलों के बीच बड़े इलाके में अफीम की फसल तैयार की जा रही थी। पुलिस ने बिना देर किए ट्रैक्टरों की मदद से पूरी फसल को रौंद दिया और इसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।

तस्करों की तलाश और ग्रामीणों को चेतावनी

कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि अफीम की खेती करना एक गंभीर गैर-जमानती अपराध है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे अवैध कामों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल, पुलिस उन रसूखदार तस्करों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने वन भूमि पर कब्जा कर यह अवैध खेती शुरू की थी। लातेहार पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान भविष्य में और भी तेज किया जाएगा।

इस खबर को भी पढ़ें : चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई… 9 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती ध्वस्त

Share.
Exit mobile version