Latehar News: लातेहार में बुधवार की सुबह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। लंबे समय से सक्रिय उग्रवादी संगठन JJMP को तगड़ा झटका देते हुए पुलिस ने उसके दो कुख्यात एरिया कमांडरों को गिरफ्तार कर लिया। लातेहार और मनिका थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की।
दो लाख का इनामी सुनील उरांव आया पकड़ में
गिरफ्तार उग्रवादियों में सबसे बड़ा नाम सुनील उरांव उर्फ सुनील जी (35) का है, जो तरवाडीह, नवागढ़ का रहने वाला है। इस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था और इसकी संलिप्तता कई पुलिस मुठभेड़ों में रही है। मनिका, लातेहार, बालुमाथ और चंदवा थानों में इसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आगजनी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
दूसरा एरिया कमांडर मुकेश लोहरा भी गिरफ्तार
दूसरा गिरफ्तार उग्रवादी मुकेश लोहरा (28) पुरनी पल्हेया, मनिका का निवासी है। यह भी JJMP का सक्रिय सदस्य रहा है और उस पर भी रंगदारी, हथियारबंद हमला और लूट के कई मामले दर्ज हैं। दोनों कमांडर पुलिस की गिरफ्त से लंबे समय से बाहर थे और जिले में भय का माहौल बनाए हुए थे।
संयुक्त टीम ने सुबह से चलाया सर्च अभियान
बुधवार तड़के से ही पुलिस टीम अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी की और दोनों उग्रवादियों को बिना गोली चले गिरफ्तार कर लिया। एसपी कुमार गौरव ने कहा कि यह गिरफ्तारी JJMP की गतिविधियों को कमजोर करेगी और कई पुराने मामलों के खुलासे में मदद मिलेगी। शुरुआती पूछताछ में दोनों से कई अहम जानकारी मिलने की बात सामने आई है। लातेहार पुलिस की इस सफलता से सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है और इलाके के ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।



