फॉण्ट कनवर्टर NEW

फुसरो-करगली मेन रोड पर धंसाव, सुरक्षा के लिए पुलिस ने बंद किया रास्ता

फुसरो-करगली मेन रोड पर सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के पास सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने से आसपास की जमीन भी प्रभावित हुई है। घटना के बाद इलाके में खतरा बढ़ गया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

बोकारो: फुसरो-करगली मेन रोड पर सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के पास सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने से आसपास की जमीन भी प्रभावित हुई है। घटना के बाद इलाके में खतरा बढ़ गया है।

सड़क धंसने के कारण हाईटेंशन बिजली का पोल झुक गया। वहीं, केवट नर्सरी और पास की एक चाय दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मुख्य सड़क पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे फुसरो-गोमिया क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

बेरमो थाना प्रभारी नित्यानंद महतो के नेतृत्व में पुलिस ने सड़क के दोनों ओर रास्ता बंद कर दिया है। फुसरो और गोमिया के बीच चलने वाले वाहनों को अब ब्लॉक कॉलोनी के रास्ते वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।

27 मई को दिखी थी दरार

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर पहली बार 27 मई को दरार दिखाई दी थी। इसके बाद दरार लगातार बढ़ती गई और बाद में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। धंसाव बढ़ने के बाद आसपास की दुकानों और बिजली व्यवस्था पर भी खतरा बढ़ गया है। सुरक्षा को देखते हुए कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खाली करना शुरू कर दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे नाले और करीब तीन दशक पहले हुई पुरानी खुदाई के बाद बने गड्ढों में लंबे समय तक पानी जमा रहता था। इससे जमीन के अंदर की मिट्टी कमजोर होने की आशंका है।

तकनीकी टीम करेगी जांच

बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरसीडी अधिकारियों से बात की गई है। तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर सड़क धंसने के कारणों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मुख्य मार्ग पर आवागमन बंद रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram