Kupwara: जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के नजदीक सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले में शनिवार तड़के सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। मुठभेड़ के बाद भारतीय सेना और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान (Search Operation) शुरू कर दिया है, ताकि यदि कोई अन्य आतंकी छिपा हो तो उसे भी पकड़ा जा सके।
केरन सेक्टर के जुमागुंड में तड़के गोलीबारी
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में LoC के पास तैनात सतर्क जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी। अंधेरे का फायदा उठाकर आगे बढ़ रहे संदिग्धों को जब जवानों ने ललकारा और रुकने की चेतावनी दी, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की त्वरित जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें दो आतंकियों को मार गिराया गया। हालांकि, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह सीमा पार से सीधी घुसपैठ की कोशिश थी या इलाके में पहले से मौजूद आतंकियों की आवाजाही।
सर्दियों से पहले घुसपैठ तेज करने की साजिश
घाटी में बर्फबारी शुरू होने से ठीक पहले नियंत्रण रेखा पर आतंकियों द्वारा घुसपैठ के प्रयासों में हमेशा तेजी देखी जाती है। दरअसल, भारी बर्फबारी के चलते ऊंचे पहाड़ी दर्रे बंद होने और रास्ते दुर्गम होने से पहले आतंकी घाटी के भीतरी इलाकों में दाखिल होने की फिराक में रहते हैं। सीमा पार से होने वाली ऐसी नापाक कोशिशों को नाकाम करने के लिए भारतीय सेना ने LoC के संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और आधुनिक निगरानी उपकरणों की मदद से लगातार निगरानी रखी जा रही है।




