Koderma: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कोलकाता टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए डोमचांच और नवालशाही थाना क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक मैगजीनों में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि कोलकाता में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान इसके तार कोडरमा से जुड़े मिलने के बाद एनआईए की टीम यहां पहुंची है।
कई विस्फोटक मैगजीनों में जांच
एनआईए की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न विस्फोटक भंडारण स्थलों पर जांच कर रही है। इस दौरान दस्तावेजों की भी गहन पड़ताल की जा रही है। खबर लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी और एजेंसी की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान मैगजीन संचालक लोकाई निवासी शंकर यादव और डोमचांच के नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मैगजीन के गार्ड और शंकर यादव की पत्नी ने भी एनआईए की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम शंकर यादव और महेश मेहता को अपने साथ लेकर गई है तथा विस्फोटक मैगजीन की जांच कर रही है।
एसपी ने क्या बताया?
इस मामले में कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवशीष ने अनौपचारिक रूप से बताया कि एनआईए ने शंकर यादव के घर से करीब 16 लाख रुपये नकद और अलग-अलग जमीनों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। एसपी के अनुसार, अगस्त 2024 में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक मोटरसाइकिल में विस्फोट हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। बाद में इस मामले की जांच एनआईए को सौंपी गई। जांच के दौरान इस मामले के तार कोडरमा से जुड़े पाए गए। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटक की आपूर्ति कोडरमा निवासी शंकर यादव और महेश कुमार मेहता के जय दुर्गा एंटरप्राइजेज एक्सप्लोसिव मैगजीन से की गई थी। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और एनआईए की ओर से इस संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



