खूंटी: झारखंड में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को एसीबी की टीम ने खूंटी जिले में एक नई कार्रवाई करते हुए खूंटी महिला थाना की प्रभारी सुलेखा कुमारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी की इस तरह घूस लेते हुए गिरफ्तारी से प्रशासनिक हलके और पुलिस महकमे में भय तो हुआ है लेकिन जो खौफ होना चाहिए वह नहीं हो रहा है।
गौरतलब हो कि आए दिन एसीबी इस तरह की कार्रवाई कर सैकड़ों पुलिसकर्मियों को पकड़ चुकी है और गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में ले गई है बावजूद पुलिसकर्मियों विशेष कर थाना प्रभारियों अथवा एसएचओ में रिश्वत लेने की घटना आम हो गई है। उनमें कानून का न तो खौफ रह गया है और न ही न्यायिक प्रक्रिया का डर। इसलिए अब समय आ गया है कि वैसे पुलिसकर्मी जो आम नागरिकों को कानून का डर दिखाकर अपराध को रोकते हैं, उनमें भी कानून का डर होना चाहिए ताकि पुलिसकर्मियों के बीच रिश्वतखोरी जैसे अपराध की कोई गुंजाइस नहीं रहे।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित श्याम कुमार नामक व्यक्ति ने एसीबी से लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि महिला थाने में दर्ज एक मामले में मदद करने और केस का निपटारा उनके पक्ष में कराने के एवज में थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी द्वारा 4.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। पीड़ित इतनी बड़ी रकम देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने मामले की शिकायत सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
एसीबी का सत्यापन और जाल
शिकायत दर्ज होने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुप्त रूप से जांच और सत्यापन कराया। एसीबी के सत्यापन के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए रिश्वत मांगने के आरोप पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद एसीबी की विशेष टीम ने थाना प्रभारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल (ट्रैप) बिछाया। बातचीत के दौरान आरोपी थाना प्रभारी और शिकायतकर्ता के बीच तय हुआ कि रिश्वत की कुल रकम में से 50 हजार रुपये एडवांस (अग्रिम) के तौर पर दिए जाएंगे।
रंगे हाथ गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
तय योजना के अनुसार, गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी को 50 हजार रुपये की अग्रिम राशि सौंपी, पास में ही मुस्तैद सादे कपड़ों में तैनात एसीबी की टीम ने तत्काल धावा बोल दिया। टीम ने थाना प्रभारी को मौके पर ही 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी महिला थाना प्रभारी को अपने साथ ले गई, जहाँ उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?


