Ranchi: सत्ता और रसूख के नाम पर ‘फर्जी भौकाल’ दिखाने वालों के खिलाफ खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले में विधायक प्रतिनिधि के नाम का गलत इस्तेमाल कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विधायक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) को पत्र लिखकर संबंधित वाहन और उसके मालिक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गाड़ी संख्या JH 01CS-3007 पर ‘विधायक प्रतिनिधि’ का बोर्ड: पूरा मामला एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (गाड़ी संख्या JH 01CS-3007) से जुड़ा है। आरोप है कि इस गाड़ी पर “खूंटी विधायक प्रतिनिधि” का बोर्ड लगाकर क्षेत्र में दबदबा बनाया जा रहा था। विधायक राम सूर्या मुंडा ने स्पष्ट किया है कि उक्त वाहन का उनके कार्यालय या किसी अधिकृत प्रतिनिधि से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फर्जी पहचान का उपयोग उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को धूमिल करने के लिए किया जा रहा है।
छवि खराब करने और डराने का आरोप: विधायक ने अपने आवेदन में कड़े शब्दों में कहा कि इस तरह के कृत्य से न केवल जनप्रतिनिधि की साख गिरती है, बल्कि आम जनता के बीच भय और संशय का माहौल पैदा होता है। उन्होंने डीटीओ से मांग की है कि ऐसे जालसाजों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाए, ताकि भविष्य में कोई दूसरा इस तरह की हिम्मत न कर सके।
डीटीओ ने दिए जांच के आदेश: इस हाई-प्रोफाइल शिकायत पर खूंटी के डीटीओ हरि शंकर बारीक ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने पुष्टि की कि विधायक का आवेदन प्राप्त हो चुका है और मोटर वाहन अधिनियम के तहत गाड़ी के दस्तावेजों और अवैध बोर्ड के उपयोग की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद वाहन मालिक पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, क्षेत्र में यह ‘फर्जी स्कॉर्पियो’ और विधायक की सक्रियता चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है।



