अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Pune: कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। शुरुआत में इसे एक दर्दनाक हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने पूरे घटनाक्रम को कथित हत्या की साजिश में बदल दिया। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की भूमिका सामने आई है।
Read more: पुणे में ‘सोनम रघुवंशी’ जैसा कांड! मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर युवक को खाई में फेंका
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान वह करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गए और उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटना बताया गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कई संदिग्ध तथ्य सामने आने लगे।
CCTV में कैद हुई सबसे बड़ी चूक
जांच के दौरान पुलिस ने लोहागढ़ किले के टिकट काउंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में केतन और सिया एक साथ ट्रैकिंग करते दिखाई दिए। इनके कुछ दूरी पीछे एक युवक भी नजर आया, जिसने अपने चेहरे को पूरी तरह हुडी और हेडसेट से ढंक रखा था। यही शख्स बाद में चेतन चौधरी निकला। पुलिस अधिकारियों को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि जिस दिन तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, उस दिन कोई व्यक्ति सिर से पैर तक खुद को ढंककर क्यों घूम रहा था। इसी असामान्य व्यवहार ने जांच टीम का ध्यान उसकी ओर खींचा।
पीछे मुड़ते ही बैठ गया आरोपी
एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि जैसे ही सिया पीछे मुड़कर देखती है, हुडी पहना युवक तुरंत नीचे बैठ जाता है, ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस के अनुसार, इसी हरकत ने शक को और मजबूत कर दिया और जांच की दिशा बदल गई।
कॉल रिकॉर्ड ने खोला राज
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चेतन चौधरी तक पहुंची। इसके बाद मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में पता चला कि सिया और चेतन लंबे समय से लगातार संपर्क में थे और दोनों के बीच घंटों बातचीत होती थी। पुलिस को यहीं से दोनों के रिश्ते और कथित साजिश के संकेत मिले।
टिकट लेने से भी किया था इनकार
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लोहागढ़ किले के गेटकीपर धीरज जाधव ने बताया कि चेतन चौधरी ने किले में प्रवेश के दौरान चेहरा ढंक रखा था। जब उससे टिकट मांगा गया तो उसने कहा कि वह सिर्फ एक्सरसाइज करने आया है और 25 रुपये का टिकट लेने से इनकार कर दिया।
पहले भी की गई थी कथित कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 14 जून को भी सिया कथित तौर पर केतन को इसी किले पर लेकर गई थी। आरोप है कि उस दौरान भी उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके कुछ दिन बाद दोबारा ट्रेकिंग के बहाने उसे किले पर बुलाया गया, जहां यह घटना हुई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल डेटा, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी प्रमाणों की बारीकी से जांच कर रही हैं।

