Ranchi : राजधानी रांची में सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। रांची पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में प्रत्यक्ष रूप से शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान चंदन के रूप में हुई है, जिसे शहर के ही एक इलाके से पकड़ा गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दलादली ओपी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चंदन को धर दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ जारी है, ताकि इस अपराध के पीछे की पूरी साजिश और अन्य शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि यह घटना 15 अक्टूबर को कटहल मोड़ के पास हुई थी। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें तत्काल रांची के पल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।

Share.
Exit mobile version