रांची/बुंडू। गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन बुधवार को अपने परिवार के साथ बुंडू के प्रसिद्ध दशमफॉल पहुंचीं। दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी माताजी और अन्य परिजनों के साथ यहां पहुंचीं। तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा और उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं।
दशमफॉल पहुंचने के बाद कल्पना सोरेन ने करीब डेढ़ घंटे तक परिवार के साथ समय बिताया। इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण दशमफॉल में पानी का बहाव तेज है और जलप्रपात का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है। उन्होंने परिवार के साथ इस प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय देसी जलपान का भी स्वाद चखा।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
कल्पना सोरेन के दौरे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। बुंडू SDO मोहनलाल मरांडी, DSP ओमप्रकाश और थाना प्रभारी कुंदन कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
बारिश के बाद बढ़ी दशमफॉल की खूबसूरती
लगातार बारिश के कारण इन दिनों दशमफॉल का आकर्षण बढ़ गया है। जलप्रपात में पानी का बहाव बढ़ने के साथ आसपास का प्राकृतिक नजारा भी बेहद सुंदर हो गया है। यही वजह है कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक दशमफॉल पहुंच रहे हैं और झरने की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं।








