Ranchi : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू आगामी 6 जनवरी को रांची पहुंचेंगे। उनके दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रांची प्रवास के दौरान के. राजू पार्टी के सांसदों, विधायकों, पूर्व लोकसभा एवं विधानसभा प्रत्याशियों के साथ-साथ जिला पर्यवेक्षकों से राजकीय अतिथिशाला, मोरहाबादी में वन-टू-वन मुलाकात करेंगे।
इन व्यक्तिगत बैठकों के जरिए जमीनी हालात, संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद 7 जनवरी को अपराह्न प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में वीबी-जी रामजी बिल के प्रभाव, जिलावार जिम्मेदारियों के निर्धारण, संगठनात्मक समन्वय को अंतिम रूप देने और पूरे राज्य में एकजुट होकर समान संदेश के साथ कार्य करने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों के लिए एक ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है।



