रांची: जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच शुक्रवार को एसडीएम कुमार रजत और एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलन स्थल पर स्वास्थ्य, सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान अनशन पर बैठे छात्र नेता राहुल क्रांति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसडीएम कुमार रजत ने बताया कि डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल भी लिया।
सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच वार्ता को लेकर एसडीएम ने कहा कि अभी तक सरकार की ओर से बातचीत के समय और स्थान को लेकर कोई लिखित निर्देश नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वार्ता की संभावना बनी हुई है और सरकार से निर्देश मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं, आंदोलनकारी छात्र लगातार मांग कर रहे हैं कि सरकार उनकी समस्याओं का पारदर्शी और स्थायी समाधान निकाले।




