Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 23 दिसंबर 2025 को झारखंड मंत्रालय में राज्य में स्थापित होने वाले पहले झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की। यह विश्वविद्यालय झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वद्यालय अधिनियम, 2023 के तहत स्थापित किया जा रहा है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना से जुड़ी अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि इसे जल्द से जल्द संचालित करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि यह राज्य का पहला मेडिकल विश्वविद्यालय होगा, जो झारखंड की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रांची जिले के बॉम्बे क्षेत्र में स्थापित होने वाला यह विश्वविद्यालय स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में मानव संसाधन विकास, मेडिकल शोध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री ने झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज की नियमावली के शीघ्र गठन और फैकल्टी सदस्यों की नियुक्ति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि विश्वविद्यालय का संचालन बिना किसी विलंब के आरंभ किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मानकों और प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस विश्वविद्यालय को इस तरह विकसित किया जाए, जिससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़े, शोध कार्यों को प्रोत्साहन मिले और आम जनता को बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।



