रांची: 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड की 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 23 अगस्त तक पुणे, महाराष्ट्र में होगा। झारखंड की टीम बुधवार को पुणे के लिए रवाना होगी।
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी और कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा ने मंगलवार को टीम का ऐलान किया। इस दौरान टीम के मुख्य कोच विकास पंत और मैनेजर दिव्या डुंगडुंग भी मौजूद रहीं।
टीम के चयन से पहले खुली चयन प्रक्रिया के जरिए 30 खिलाड़ियों को चुना गया था। इसके बाद 1 अगस्त से विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया, जहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फिटनेस के आधार पर अंतिम 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
टीम में गोलकीपर के तौर पर गंगी बरला और सोनाली तिर्की को शामिल किया गया है। डिफेंस में सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी और अनीषा कुल्लू हैं।
मिडफील्ड में सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग और रीना कुल्लू को जगह मिली है। वहीं, फॉरवर्ड में स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम और जमुना कुमारी शामिल हैं।
हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड की टीम पुणे में अच्छा प्रदर्शन करेगी और राज्य के लिए खिताब जीतने की कोशिश करेगी।




