Saraikela: झारखंड के छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरायकेला-खरसावां जिला इकाई ने बुधवार को जिला मुख्यालय परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू समेत पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र की सरकारों ने छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लिया है, जबकि झारखंड सरकार वीडियो रिकॉर्डिंग और तस्वीरों के आधार पर छात्रों को चिह्नित कर मुकदमे दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधियों और नक्सलियों के खिलाफ भी ऐसी कठोर कार्रवाई नहीं की, जैसी छात्रों के खिलाफ की जा रही है।
आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों ने आंदोलन के दौरान शालीनता का परिचय दिया, इसके बावजूद उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समर्थन से चल रही राज्य सरकार को अब लोकलाज की भी चिंता नहीं है। उन्होंने सरकार पर कोयला, बालू, पत्थर, जमीन और जंगल से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अब राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार अपने रवैये में सुधार नहीं करती है और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेती है तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि भाजपा ने ही झारखंड राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और झारखंड को मजबूत एवं सशक्त बनाना पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार में व्यस्त है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार की कथित नाकामियों और घोटालों की गिनती शुरू की जाए तो सुबह से रात हो जाएगी, लेकिन सूची समाप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में विफल साबित हुई है।
जिला प्रभारी मनोज मिश्रा ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान भाजपा ने उन्हें अपना समर्थन दिया था, जिसके बाद सरकार को पीछे हटना पड़ा था। अब छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाने के कारण भाजपा एक बार फिर सरकार के खिलाफ आंदोलन के मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर सरकार को पुनः पीछे हटने के लिए मजबूर करेगी।
धरना-प्रदर्शन को मेयर संजय सरदार, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उदय सिंहदेव, अनंतराम टुडू, रमेश हंसदा और बॉबी सिंह ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री अमित सिंह के अलावा राजा सिंहदेव, विजय महतो, सुनील श्रीवास्तव, भूषण मुर्मू, अमितेश अमर, ललन शुक्ला, सतीस शर्मा, बद्री दरोगा, पप्पू वर्मा, रितिका मुखी, सूर्या देवी, बीजू दत्ता, मंगल महतो, अखिलेश महतो, बलदेव मंडल, धर्मेंद्र प्रधान, राजकुमार सिंह, मनोहर दास, गुरजीत सिंह, शैलेश शर्मा, पिंकी मोदक, मुरली प्रधान, मंटू शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
-के. दुर्गा राव



