फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी बड़ी राहत, किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के लिए मिलेंगे 7 लाख तक

झारखंड पुलिस में कार्यरत पुलिसकर्मियों और चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिलेगी। पुलिस कल्याण समिति ने इलाज के लिए मिलने वाली सहायता राशि की नई सूची तैयार की है। इसके तहत अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए पांच हजार

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड पुलिस में कार्यरत पुलिसकर्मियों और चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को अब गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिलेगी। पुलिस कल्याण समिति ने इलाज के लिए मिलने वाली सहायता राशि की नई सूची तैयार की है। इसके तहत अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए पांच हजार से सात लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान किया गया है। इस संबंध में 14 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी किया गया है।

नई सूची में किडनी, लिवर, कैंसर, हृदय रोग, ब्रेन सर्जरी, आंख, कान और हड्डियों से जुड़ी बीमारियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा महिलाओं की बीमारियों, प्रसव और दांतों के इलाज के लिए भी आर्थिक सहायता निर्धारित की गई है।

इलाज के खर्च को देखते हुए तय की गई नई राशि

सितंबर में पुलिस कल्याण समिति ने पुलिस सहायता एवं कल्याण कोष और चतुर्थवर्गीय कर्मचारी कल्याण कोष से दी जाने वाली राशि की समीक्षा की थी। इसके बाद इलाज में होने वाले खर्च के आधार पर नई सूची तैयार की गई। इसमें बीमारी और ऑपरेशन के अनुसार सहायता की अलग-अलग सीमा तय की गई है।

किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट में सबसे अधिक सहायता

नई व्यवस्था के अनुसार, किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के लिए एक लाख से सात लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मिल सकेगी। डायलिसिस के लिए 50 हजार से दो लाख रुपये और किडनी में पथरी के ऑपरेशन के लिए 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की राशि तय की गई है।

कैंसर के इलाज के लिए भी सहायता का प्रावधान है। कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के लिए दो लाख से पांच लाख रुपये तक मिल सकेंगे। वहीं, शरीर के महत्वपूर्ण अंगों की सर्जरी के लिए दो लाख से चार लाख रुपये और अन्य अंगों की सर्जरी के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी।

दिल और दिमाग की बीमारियों के इलाज में भी राहत

हार्ट सर्जरी, वाल्व सर्जरी और एंजियोप्लास्टी के लिए दो लाख से तीन लाख रुपये तक की सहायता निर्धारित की गई है। पेसमेकर लगाने पर 60 हजार से डेढ़ लाख रुपये और हार्ट अटैक के इलाज के लिए 50 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक की मदद मिल सकेगी।

ब्रेन ट्यूमर के ऑपरेशन के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये और दुर्घटना के कारण ब्रेन सर्जरी कराने पर 20 हजार से दो लाख रुपये तक की राशि तय की गई है। लकवा और दिमाग की नसों से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भी 50 हजार से दो लाख रुपये तक की मदद मिलेगी।

आंखों और हड्डियों की बीमारी भी सूची में शामिल

आंखों की रेटिना सर्जरी, कॉर्निया बदलने और ग्लूकोमा के इलाज के लिए 40 हजार से एक लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी। मोतियाबिंद के सामान्य ऑपरेशन के लिए 35 हजार से 50 हजार रुपये और जटिल ऑपरेशन के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक की राशि तय की गई है।

हड्डी टूटने पर 10 हजार से 40 हजार रुपये और गंभीर फ्रैक्चर की सर्जरी के लिए 10 हजार से 50 हजार रुपये तक की मदद मिल सकेगी। हड्डियों में रॉड या प्लेट लगाने के लिए 30 हजार से एक लाख रुपये तक की सहायता निर्धारित की गई है।

लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने पर भी मिलेगी मदद

गंभीर बीमारी या दुर्घटना के कारण लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने और इलाज पर अधिक खर्च होने की स्थिति में एक लाख से तीन लाख रुपये तक की सहायता मिल सकेगी।

इसके अलावा मस्तिष्क मलेरिया, हेपेटाइटिस बी और सी, पोलियो और मेनिनजाइटिस जैसी बीमारियों के इलाज के लिए 20 हजार से एक लाख रुपये तक की मदद मिलेगी। शरीर का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जलने पर 50 हजार से एक लाख रुपये और एड्स के इलाज के लिए 30 हजार से 50 हजार रुपये तक की राशि तय की गई है।

महिलाओं और दांतों के इलाज के लिए भी आर्थिक सहायता

नई सूची में महिलाओं से जुड़ी बीमारियों को भी जगह दी गई है। गर्भाशय निकालने की सर्जरी और स्तन संबंधी कुछ बीमारियों के इलाज के लिए 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की मदद मिलेगी। जटिल सिजेरियन प्रसव के लिए 30 हजार से 75 हजार रुपये और आईवीएफ के लिए दो लाख से तीन लाख रुपये तक की सहायता निर्धारित की गई है।

वहीं, कान और गले की सर्जरी के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक की मदद मिल सकेगी। दांतों की सफाई और फिलिंग के लिए पांच हजार से 10 हजार रुपये, जबकि रूट कैनाल और दांतों की अन्य बीमारियों के इलाज के लिए 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की राशि तय की गई है।

पुलिस कल्याण समिति की इस नई व्यवस्था से पुलिसकर्मियों और चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को महंगे इलाज का खर्च उठाने में मदद मिलेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram