Ranchi : झारखंड के पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (JJA) और झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के संस्थापक शाहनवाज हसन ने किया। उन्होंने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि पत्रकार पेंशन योजना और पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना को शीघ्र लागू किया जाए।

श्री हसन ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहले ही आश्वासन दिया था कि इन दोनों योजनाओं पर सरकार जल्द निर्णय लेगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार की तर्ज पर पत्रकारों को ‘गोल्डन कार्ड’ जारी करने की भी मांग की, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष 200 से अधिक पत्रकारों से बीमा प्रीमियम की राशि ली गई थी, लेकिन उनका बीमा अब तक नहीं हुआ और न ही विभाग ने राशि वापस की है। वहीं, छह वर्ष पूर्व राज्यपाल द्वारा अधिसूचना जारी होने के बावजूद पत्रकार पेंशन योजना का भुगतान आज तक शुरू नहीं किया गया है।

इस मौके पर झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मुख्य सचिव इन दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राकेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version