Ranchi: झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। CID जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर सरकार ने 20 भर्ती परीक्षाओं और प्रक्रियाओं को रद्द कर दिया है। इनमें झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के जरिए होने वाली भर्तियों के साथ टेस्ट डेवलपमेंट एंड लर्निंग प्लेटफॉर्म (TDPL) से जुड़ी प्रक्रियाएं भी शामिल हैं।
सरकार के इस फैसले का असर उन अभ्यर्थियों पर पड़ना तय है, जो इन परीक्षाओं में शामिल हो चुके थे या इन भर्ती प्रक्रियाओं की तैयारी कर रहे थे। रद्द की गई प्रक्रियाओं में विश्वविद्यालयों के गैर-शैक्षणिक पदों से लेकर मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर, सिविल सेवा, न्यायिक सेवा, वन सेवा, अभियोजन, इंजीनियरिंग और तकनीकी पदों की भर्तियां शामिल हैं।
इन बड़ी परीक्षाओं पर भी गिरी गाज
रद्द की गई भर्ती प्रक्रियाओं में झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025, बैकलॉग परीक्षा और संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (बैकलॉग)-2023 शामिल हैं। इसके अलावा सिविल जज (जूनियर डिवीजन), असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर और असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के पदों पर होने वाली भर्ती भी रद्द कर दी गई है।
सरकार ने संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 के साथ फूड सेफ्टी ऑफिसर और चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर की भर्ती प्रक्रिया भी रद्द की है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राज्य में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सरकार ने CID की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पहले हुई कई भर्ती परीक्षाओं में भी जांच का आदेश दिया है।
कई पुरानी भर्तियां भी जांच के दायरे में
सरकार के आदेश के मुताबिक, 5वीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती, सिविल जज भर्ती, कृषि विभाग की भर्तियां, फूड सेफ्टी ऑफिसर, डेंटिस्ट भर्ती, कॉमर्शियल टैक्सेज लिमिटेड परीक्षा, संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2016 और 2021, असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और संयुक्त सहायक अभियंता भर्ती समेत कई प्रक्रियाओं की जांच CID को सौंपी गई है।
इसके अलावा 6वीं लिमिटेड डिप्टी कलेक्टर भर्ती और झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट (JET) 2024 में भी CID जांच का आदेश दिया गया है।
JSSC CGL परीक्षा भी रद्द
इस कार्रवाई में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा, विज्ञापन संख्या 10/2023 भी शामिल है। सरकार ने SIT की जांच और JPSC से जुड़ी चल रही CID जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को देखते हुए इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है।
सरकार ने भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में भी कदम उठाने के संकेत दिए हैं। इसमें JPSC और JSSC की परीक्षाओं से जुड़े उपायों के साथ भर्ती प्रक्रिया को मजबूत और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए संस्थागत सुधार शामिल हैं।
रद्द की गई 20 भर्ती परीक्षाएं/प्रक्रियाएं
- झारखंड विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक पद — विज्ञापन 09/2025
- असिस्टेंट डायरेक्टर/सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर (बैकलॉग) — विज्ञापन 10/2025
- असिस्टेंट डायरेक्टर/सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर (रेगुलर) — विज्ञापन 11/2025
- ड्रग इंस्पेक्टर — विज्ञापन 12/2025
- सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर (बैकलॉग) — विज्ञापन 02/2026
- सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (बैकलॉग) — विज्ञापन 03/2026
- सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (रेगुलर) — विज्ञापन 04/2026
- मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर (सुपर स्पेशलिस्ट) — विज्ञापन 07/2026
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) — विज्ञापन 22/2023
- असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट — विज्ञापन 03/2024
- फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर — विज्ञापन 04/2024
- असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (बैकलॉग) — विज्ञापन 05/2025
- असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (रेगुलर) — विज्ञापन 06/2025
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 — विज्ञापन 01/2026
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (बैकलॉग)-2025 — विज्ञापन 05/2026
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (बैकलॉग)-2023 — विज्ञापन 06/2026
- फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 18/2023
- चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर — विज्ञापन 21/2023
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 — विज्ञापन 01/2024
- JSSC CGL परीक्षा — विज्ञापन 10/2023, SIT/CID जांच से सामने आए तथ्यों के बाद अलग आदेश से रद्द




