रांची: दुर्गा पूजा के दौरान बिजली से होने वाले हादसों को रोकने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने पूजा समितियों और आम लोगों के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने सभी पूजा पंडालों में केवल वैध बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
JBVNL ने कहा है कि बिजली का कनेक्शन विद्युत भार के अनुसार सही केबल से किया जाए। पंडालों में MCB, आइसोलेटर या मेन स्विच जैसे सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। कटे-फटे तार या केबल का इस्तेमाल नहीं किया जाए और बिजली की वायरिंग प्रशिक्षित बिजली मिस्त्री से ही कराई जाए।
बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी पर बनाएं पंडाल
विभाग ने कहा कि पंडाल बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी पर बनाए जाएं। बिजली के केबल और उपकरणों को ज्वलनशील सामान से दूर रखा जाए। विद्युत उपकरणों को भीड़ से सुरक्षित दूरी पर लगाने के साथ उनकी घेराबंदी भी की जाए।
कंट्रोल पैनल और स्विच पैनल के पास प्रशिक्षित बिजली मिस्त्री की निगरानी जरूरी है। पैनल तक आने-जाने का रास्ता भी साफ और सुरक्षित रखा जाए। बिजली उपकरणों के पास पर्याप्त संख्या में फायर एक्सटिंग्विशर और बालू से भरी बाल्टियां रखने की सलाह दी गई है।
विसर्जन जुलूस में भी बरतें सावधानी
मूर्ति विसर्जन के दौरान बस या अन्य बड़े वाहनों की छत पर किसी को बैठने की अनुमति नहीं दी जाए। वाहनों पर ऐसी ऊंची सामग्री भी नहीं रखी जाए, जिससे जमीन से कुल ऊंचाई 4 मीटर यानी करीब 13 फीट से अधिक हो जाए।
JBVNL ने लोगों से बिजली के पोल, तार और अन्य विद्युत उपकरणों को नहीं छूने की अपील की है।
शिकायत के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
बिजली से जुड़ी आपात स्थिति या शिकायत के लिए रांची विद्युत आपूर्ति अंचल के शिकायत केंद्र के नंबर 9431135682 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा JBVNL के जन समस्या निवारण केंद्र के मोबाइल नंबर 9031110118, 9031110119 और 9031110120 जारी किए गए हैं।
विशेष परिस्थितियों में विद्युत अधीक्षण अभियंता के मोबाइल नंबर 9431135662 समेत संबंधित अधिकारियों से फोन या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।




