World News: जापान में सोमवार देर रात आए 7.5 तीव्रता वाले जोरदार भूकंप ने देश को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शक्तिशाली झटके के कारण कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों में आने वाले दिनों में इसी तरह या उससे भी ज्यादा तीव्रता वाला भूकंप आ सकता है।

भूकंप सोमवार को स्थानीय समय के मुताबिक रात 11:15 पर आओमोरी प्रीफेक्चर के पूर्वी तट पर आया और इसका केंद्र 54 किलोमीटर नीचे था।

‘खास अलर्ट’ जारी: खतरा अभी टला नहीं

भूकंप के झटके बाद 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे मंगलवार सुबह 6:20 बजे हटा लिया गया। हालांकि, JMA ने अभी भी चिंता जताई है।

प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे अगले एक-दो सप्ताह तक स्थानीय अधिकारियों और मौसम एजेंसी से अपडेट के लिए अलर्ट रहें और आने वाले भूकंप के लिए तैयार रहें। उन्होंने नागरिकों से घर के जरूरी सामानों को पर्याप्त मात्रा में रखने को भी कहा है।

JMA के मुताबिक, यह भूकंप होक्काइडो और उत्तर-पूर्वी जापान के तटों से लगी एक खाई के पास आया है। यह ऐसा ज़ोन है जहाँ पैसिफिक प्लेट के होंशू मुख्य द्वीप के नीचे खिसकने से बड़े भूकंप आ सकते हैं।

एजेंसी ने 7.0 या उससे ज्यादा की तीव्रता वाले भूकंप के बाद सक्रिय होने वाला एक खास अलर्ट, जिसे ‘ऑफ द कोस्ट ऑफ होक्काइडो एंड सैनरिकु सबसीक्वेंट अर्थक्वेक एडवाइजरी’ के नाम से जाना जाता है, जारी किया है। हालांकि, एजेंसी ने कहा है कि अगले सात दिनों में 8 या उससे ज्यादा तीव्रता वाला भूकंप आने की संभावना बेहद कम है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।

Share.
Exit mobile version