अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। यह हादसा एनएच-220 पर छोटानागपुर कॉलेज के पास रितिका ढाबा के समीप हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से टेंपो जा टकराया।
मिली जानकारी के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत एदल गांव निवासी चोनडी नंदी उर्फ डोमा नंदी (38 वर्ष) अपने टेंपो (संख्या JH05J5008) से पोटका के भूमरी नवकुंज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े हाईवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल चालक को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
परिजनों के अनुसार चोनडी नंदी परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके घर में वृद्ध माता-पिता हैं और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया और खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार हाईवा चालक की तलाश के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

