Jamshedpur News: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर में मंगलवार दोपहर एक 25 वर्षीय विवाहिता गीता सोना ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में सिर्फ उसके दो छोटे बच्चे मौजूद थे। पति सोनू सिंह घर पर नहीं था।
पति लौटा तो दिखा फंदा, फिर गायब हो गया
जानकारी के अनुसार पति सोनू दिहाड़ी के काम पर गया हुआ था। दोपहर लौटकर उसने गीता को फंदे से लटके देखा। उसने मायके वालों को सूचना दी और फिर टेंपो लाने का बहाना कर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। तब से वह फरार है।
प्रेम विवाह और हाल ही में वापसी
मृतका की मां कृष्ण बाग ने बताया कि करीब सात साल पहले गीता और सोनू के बीच प्रेम संबंध बने थे। दोनों दिल्ली भागकर शादी कर लिए थे। आठ महीने पहले ही वे अपने दोनों बच्चों के साथ जमशेदपुर लौटे थे। सोमवार रात पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था।
परिवार ने जताई हत्या की आशंका
मायके वालों का आरोप है कि स्थिति आत्महत्या जैसी नहीं लगती। उन्होंने पति की भूमिका पर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पति की तलाश कर रही है।



