Jamshedpur News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में रहने वाले बस्तीवासियों और राहगीरों का सब्र अब जवाब दे चुका है। क्षेत्र में व्याप्त धूल प्रदूषण, भीषण सड़क जाम, सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों और अवैध पार्किंग के खिलाफ बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने एक बड़ा मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। समिति के संरक्षक और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने शनिवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इन सभी गंभीर समस्याओं के विरोध में 14 दिसंबर, रविवार को एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा।

रामबाबू तिवारी ने मुख्य मुद्दा उठाते हुए कहा कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पिछले डेढ़ वर्ष से टाटा स्टील बर्मामाइंस द्वारा सड़क पर की जा रही घेराबंदी के कारण सड़क इतनी संकरी हो गई है कि पूरे दिन सड़क जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका सबसे अधिक खामियाजा टाटा स्टील के कर्मचारियों, एंबुलेंस, स्कूली बच्चों और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। यह समस्या आरडी टाटा गोलचक्कर से लेकर ट्यूब कंपनी तक पूरे मार्ग में फैली है।

अवैध पार्किंग और ‘गुंडों’ की अफवाहों से भय का माहौल

रामबाबू तिवारी ने नुवोको सीमेंट कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी की सीमेंट लदी गाड़ियां पुंज कंपनी परिसर में अवैध रूप से पार्क की जाती हैं। सड़क पर वाहनों को खड़ा कर अवैध रूप से धन उगाही की जा रही है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है।

इसके अलावा, बर्मामाइंस बाजार के पास बने स्लैग प्वाइंट से उड़ने वाली धूल के कारण पूरे इलाके में गंभीर प्रदूषण फैल रहा है, जिसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया कि जुस्को से जुड़े कथित गुंडा तत्वों द्वारा बार-बार यह अफवाह फैलाई जा रही है कि बस्ती को तोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए 14 दिसंबर को दुर्गा पूजा मैदान, बर्मामाइंस में सुबह 11 बजे से धरना दिया जाएगा। समिति ने प्रशासन से शीघ्र सड़क चौड़ीकरण, प्रदूषण नियंत्रण, अवैध उगाही पर रोक और बस्तीवासियों को डराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share.
Exit mobile version