Ranchi : जमीअतुल मोमेनीन चौरासी, झारखंड की कार्यकारिणी समिति की मासिक बैठक रविवार को विलेज ढाबा, कांके, रांची में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मो. माजिद अंसारी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत कलाम-ए-पाक की तिलावत से की गई, जिसके बाद संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य विषय SIR (स्पेशल आइडेंटिफिकेशन रिपोर्ट / सर्वे इश्यू) रहा, जिस पर वरिष्ठ अधिवक्ता मुमताज खान ने विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने को बताया कि इस विषय पर समाज को सही जानकारी देना बेहद ज़रूरी है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति या परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में समाज के समक्ष आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए अहम निर्णय लिए गए। तय किया गया कि समाज से जुड़े विवादों और समस्याओं का प्राथमिक स्तर पर समाधान स्थानीय मोमीन पंचायत एवं देही अंजुमनों द्वारा किया जाएगा। यदि मामला अधिक जटिल होगा, तो जमीयत के जिम्मेदार पदाधिकारियों की मौजूदगी में निष्पक्ष समाधान कराया जाएगा।

इसके अलावा, SIR से संबंधित जागरूकता को लेकर भी ठोस रणनीति बनाई गई। जमीयत के जिम्मेदारान द्वारा पंचायतों और देही अंजुमनों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि आम समाज इस प्रक्रिया को सही तरीके से समझ सके और अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सके।

बैठक में नए वक़्फ जायदाद के रजिस्ट्रेशन को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए जमीअत का एक प्रतिनिधि मंडल झारखंड राज्य सुन्नी वक़्फ बोर्ड से मुलाकात करेगा, ताकि समाज के धार्मिक और सामाजिक संस्थानों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनी रहे।

साथ ही, राजभवन के परिवर्तित नाम में उर्दू भाषा को शामिल कराने के विषय पर भी प्रस्ताव पारित किया गया। इस मांग को लेकर जमीयत का एक प्रतिनिधि मंडल माननीय राज्यपाल से मुलाकात करेगा।

बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि जमीअत की अगली बैठक 13 दिसंबर 2025 को मोमीन हॉल, पुरानी रांची में आयोजित की जाएगी। शेष महत्वपूर्ण विषयों पर आगामी बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता मुमताज खान, नाएब सदर मो. रिज़वान, सचिव नूर आलम, उपसचिव मो. हरीश अंसारी, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी जुनैद आलम सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version