Tehran, Iran: ईरान और दुबई के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दोनों देशों के बीच 1 जुलाई से उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी। लंबे समय से बंद पड़ी इस सेवा के बहाल होने से हजारों यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन के प्रवक्ता माजिद अखवान ने बताया कि दोनों देशों के नागरिक उड्डयन अधिकारियों के बीच सहमति बनने के बाद तेहरान से दुबई के लिए उड़ानों को फिर से मंजूरी दे दी गई है।

पिछले कुछ समय से क्षेत्रीय तनाव के कारण दोनों देशों के बीच हवाई परिचालन प्रभावित था। अब हालात सामान्य होने के बाद उड़ानों की बहाली का फैसला लिया गया है।

क्षेत्रीय तनाव के कारण बंद हुआ था हवाई क्षेत्र

गौरतलब है कि जून की शुरुआत में ईरान के विमानन अधिकारियों ने देश के पश्चिमी हिस्से का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। इसके पीछे इजरायल के साथ बढ़ते तनाव को प्रमुख कारण बताया गया था। हवाई क्षेत्र बंद होने से कई अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय उड़ानें प्रभावित हुई थीं।

हालांकि, बीते मंगलवार को ईरान ने अपने पश्चिमी क्षेत्र में हवाई परिचालन फिर से शुरू करने का फैसला लिया। इसके बाद अब दुबई के लिए भी नियमित उड़ानों को बहाल करने की घोषणा कर दी गई है।

समझौते के बाद सामान्य हो रहे हालात

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच 18 जून की रात एक वर्चुअल समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच 28 फरवरी से जारी सैन्य तनाव को समाप्त करना बताया गया है। समझौते के तहत अमेरिका की समुद्री नाकेबंदी हटाने और ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन बहाल करने की समयसीमा तय की गई है। इसके साथ ही ईरान ने परमाणु हथियार हासिल नहीं करने की प्रतिबद्धता भी जताई है।

हालांकि, ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों को अलग समझौते के तहत सुलझाने पर सहमति बनी है। दोनों पक्षों के बीच इस विषय पर अगले 60 दिनों के भीतर बातचीत होने की संभावना है। ईरान को उम्मीद है कि इन वार्ताओं के सकारात्मक परिणाम के बाद उस पर लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों में भी राहत मिल सकती है।

Share.
Exit mobile version