चैनपुर। चैनपुर अनुमंडल स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय में ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई (बीएमएमयू) चैनपुर की ओर से आजीविका से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी डीएम लिवलीहुड बिरेन मिंज और डीपीओ बीमलेन्दु सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। अध्यक्षता बीएमएमयू चैनपुर की प्रखंड मिशन प्रबंधक बबिता बड़ाईक ने की। बैठक में बीएमएमयू के स्टाफ और विभिन्न कैडर ने भी भाग लिया।
बैठक में क्षेत्र में संचालित आजीविका से जुड़े विभिन्न डोमेन के कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों की दीदियों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें लखपति दीदी योजना से जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाले सामुदायिक निवेश कोष, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना समेत अन्य वित्तीय समावेशन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर समन्वय और निगरानी को मजबूत करना जरूरी है।
ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि के लिए पशुपालन और अन्य आजीविका संवर्धन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। वहीं, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रशिक्षण एवं रोजगार से जुड़े कार्यों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी स्टाफ और कैडर को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चल रहे कार्यों को गति देना रहा।




