अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर (गुमला): गुमला के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अखिलेश कुमार ने शनिवार को चैनपुर प्रखंड में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ‘एसआईआर’ कार्य की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में गणना प्रपत्र वितरण एवं उसके डिजिटलीकरण (डिजिटल एंट्री) की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एसडीओ ने पाया कि कई स्थानों पर कार्य की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर का कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में एसडीओ अखिलेश कुमार ने निर्देश दिया कि मनरेगा के सभी कर्मियों एवं प्रखंड के अन्य कर्मचारियों को भी इस कार्य में सक्रिय रूप से लगाया जाए, ताकि गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटल एंट्री का कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा हो सके।
उन्होंने वॉलिंटियर के रूप में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को भी बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर गणना प्रपत्र वितरण और डेटा एंट्री कार्य में पूरा सहयोग देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे किसी भी प्रकार की देरी न हो।
एसडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन कर्मचारियों द्वारा आवंटित कार्य में लापरवाही बरती जाएगी या जो कार्य करने से बचने का प्रयास करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
बैठक में पंचायत सचिव लक्ष्मण राम, संतोष यादव, जनसेवक विश्वरम केवट, पर्यवेक्षक अंजल वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर पुरुषोत्तम कुमार सहित क्षेत्र के सभी बीएलओ उपस्थित रहे। बैठक में एसआईआर कार्य को समय पर पूरा करने और बेहतर समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

