अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
दावोस/रांची। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और इंफोसिस ग्लोबल के बीच हुई अहम मुलाकात ने राज्य के तकनीक आधारित भविष्य की दिशा को और स्पष्ट कर दिया है। ग्लोबल इंफोसिस, कैलिफ़ोर्निया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास ने मुख्यमंत्री से भेंट कर झारखंड के दीर्घकालिक विकास विज़न और डिजिटल परिवर्तन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान इंफोसिस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व, नीति-निर्माण और विकास मॉडल की सराहना की। खास तौर पर युवाओं के री-स्किलिंग, टेक्नोलॉजी टॉवर की परिकल्पना और उन्नत तकनीकी हस्तक्षेपों के माध्यम से खनन क्षेत्र के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर राज्य सरकार की सोच को प्रेरणादायक बताया गया।
इस अवसर पर झारखंड के युवाओं को डिजिटल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े आधुनिक कौशलों से सशक्त बनाने पर सहमति बनी। इसके लिए इंफोसिस के ‘विंग्सपैन’ प्लेटफॉर्म की संभावित भूमिका पर आगे ठोस चर्चा करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए इंफोसिस द्वारा विकसित एआई आधारित डिजिटल समाधान प्रस्तुत करने पर भी सहमति बनी है। इस संबंध में फरवरी माह में एक वर्चुअल सत्र आयोजित किया जाएगा।
इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण भी दिया गया, जहां अत्याधुनिक एआई नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह बैठक झारखंड में डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और तकनीक आधारित औद्योगिक प्रगति को नई गति देने वाली मानी जा रही है।

