Khalari, (Ranchi): राजधानी रांची में अपराधियों और उग्रवादियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े गोलियां बरसाने से भी नहीं चूक रहे। शुक्रवार की सुबह खलारी थाना क्षेत्र के डकरा कांटा घर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार टीएसपीसी (TSPC) उग्रवादियों ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर इलाके को थर्रा दिया। घटना के बाद से स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल है और डकरा कांटा घर का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।

धमकी भरा पर्चा और खौफ का संदेश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर आए दो नकाबपोश युवकों ने हवा में गोलियां चलाईं और भागते-भागते एक पर्चा फेंक गए। इस पर्चे ने कोयला और ईंट कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। संगठन की ओर से जारी इस पर्चे में साफ शब्दों में चेतावनी दी गई है कि— “संगठन की अनुमति के बिना कोई भी कारोबारी काम करेगा, तो उसके जान-माल की जिम्मेदारी उसकी खुद की होगी।” यह सीधा संदेश है कि उग्रवादी अब फिर से रंगदारी और लेवी के लिए सक्रिय हो गए हैं।

तीन दिन में दूसरी बड़ी वारदात

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं क्योंकि पिछले तीन दिनों के भीतर फायरिंग की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले बुधवार को बीआईटी ओपी क्षेत्र में राहुल सिंह गैंग ने एक कार शोरूम संचालक को निशाना बनाया था। बैक-टू-बैक हो रही इन वारदातों ने पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र की पोल खोल दी है।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही खलारी थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से खोखे बरामद किए। पुलिस अब इलाके के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उग्रवादियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को दबोच लिया जाएगा, लेकिन स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि जब तक ठोस सुरक्षा नहीं मिलती, वे काम शुरू करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

Share.
Exit mobile version