Ranchi : बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए राँची जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर पूरे जिले में जरूरतमंद, बेघर, दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक, फुटपाथ पर रहने वाले लोगों तथा रात की ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए व्यापक अलाव व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने राँची शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि देर रात तक बाहर रहने वाले लोगों को ठंड से राहत मिल सके। इसके साथ ही जिले के कुल 18 प्रखंडों में प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत भवनों, बड़े हाट-बाजारों और ठंड से प्रभावित आबादी वाले स्थानों पर भी कई जगहों पर अलाव जलाए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पहले ही निर्देश जारी कर दिए थे कि अलाव की व्यवस्था में किसी तरह की देरी न हो और लकड़ी तथा केरोसिन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि ठंड के इस मौसम में कोई भी नागरिक परेशान न हो।
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा, “जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि ठंड से किसी भी नागरिक को कठिनाई न हो। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अलाव नियमित रूप से जलते रहें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त अलाव उपलब्ध कराए जाएँ।”
इस पहल से जिले के बेघर और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है और प्रशासन की यह तत्परता सराहनीय कदम माना जा रहा है।



