फॉण्ट कनवर्टर NEW

‘नया सवेरा 3.0’ का असर: अपराध पर प्रहार, मानव तस्करी पर बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिहार में 1 से 14 जुलाई 2026 तक चलाए गए ‘नया सवेरा 3.0’ अभियान के दौरान पुलिस ने बाल श्रम, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार और लैंगिक अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 157 पीड़ितों को मुक्त कराया और 109 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर बिहार पुलिस एवं प्रशासन ने 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक ‘नया सवेरा 3.0’ अभियान चलाया। विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) के सहयोग से संचालित इस अभियान का उद्देश्य बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह, नशाखोरी और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, ‘नया सवेरा’ और ‘नया सवेरा 2.0’ के बाद तीसरे चरण के इस विशेष अभियान में राज्यभर में कई मामलों का खुलासा हुआ और बड़ी संख्या में पीड़ितों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।

Read more: बिहार में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तैयारी, ‘सुधा’ को वैश्विक ब्रांड बनाएगी सरकार

बाल श्रम और मानव तस्करी के मामलों में कार्रवाई

अभियान के दौरान बाल श्रम से जुड़े 25 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 60 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया गया। वहीं लैंगिक अपराध और ऑर्केस्ट्रा/डांस ग्रुप से जुड़े नौ मामलों में 25 नाबालिग बच्चियों को बचाया गया तथा एक महिला सहित पांच मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अनैतिक देह व्यापार (आईटीपीए) से जुड़े 12 मामलों में 23 नाबालिग समेत कुल 53 पीड़ितों को मुक्त कराया गया। इन मामलों में 52 महिलाओं सहित कुल 88 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मानव व्यापार से जुड़े छह अन्य मामलों में 19 पीड़ितों को बचाया गया और चार महिलाओं सहित 16 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

कई राज्यों और नेपाल की पीड़िताओं को किया गया रेस्क्यू

बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल की 13, उड़ीसा की 15, छत्तीसगढ़ की तीन, उत्तर प्रदेश की एक और असम की एक पीड़िता को मुक्त कराया गया। इसके अलावा नेपाल की दो पीड़िताओं को भी सुरक्षित बचाया गया। पुलिस ने बताया कि राज्य से बाहर की सभी पीड़िताओं को उनके गृह जिलों तक सुरक्षित भेजने की प्रक्रिया संबंधित जिलों के माध्यम से पूरी की गई है।

जागरूकता अभियान और गुमशुदा बच्चों पर विशेष फोकस

18 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक ‘नया सवेरा 3.0’ के तहत जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसका उद्देश्य बाल अपराध, मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ लोगों को जागरूक करना था। विशेष अभियान के दौरान 10,589 गुमशुदा बच्चों की जानकारी मिशन वात्सल्य पोर्टल पर अपलोड की गई। जून 2026 में मिले 209 मामलों में से अब तक 32 बच्चों को बरामद किया जा चुका है।

Read more: बिहार को मिलेगी 2600 MW की बड़ी सौगात, दुर्गावती पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट में तेजी के निर्देश

पुलिस दीदी टीमों और महिला सुरक्षा पर जोर

राज्यभर में हॉटस्पॉट चिन्हित कर थाना स्तर पर 1005 पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने 612 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की और 20 मामले दर्ज कराए। महिला छात्रावासों की सुरक्षा के लिए 355 निजी छात्रावास चिन्हित किए गए। संचालकों को पंजीकरण कराने तथा सीसीटीवी, बायोमेट्रिक सिस्टम और आगंतुक रजिस्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अनुसूचित जाति-जनजाति मामलों और मानसिक स्वास्थ्य पर भी कार्रवाई

अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच प्राथमिकी के आधार पर 2502 और आरोपपत्र के आधार पर 1580 लोगों को मुआवजा दिया गया। मई-जून के विशेष अभियान में अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों में 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम, 2017 की धारा-100 के तहत मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को संरक्षण देकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के निर्देश सभी जिलों को दिए गए। इस वर्ष बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं सहबद्ध संस्थान, कोईलवर (आरा) से उपचार के बाद 55 लोग स्वस्थ होकर अपने परिवार या हाफवे होम भेजे जा चुके हैं।

Read more: बक्सर में ज्ञानार्जन अभियान शुरू, हर बच्चे तक पहुंचेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

एडीजी ने बताया अभियान का उद्देश्य

अपराध अनुसंधान विभाग एवं कमजोर वर्ग प्रभाग की अपर पुलिस महानिदेशक सुहिता अनुपम ने बताया कि ‘नया सवेरा 3.0’ को प्रवर्तन, सहयोग, पुनर्वास और जन-जागरूकता के चार स्तंभों पर आधारित बहु-आयामी मॉडल के रूप में तैयार किया गया है। अभियान के तहत संवेदनशील जिलों में फील्ड टीमें, मोबाइल रैपिड रिस्पांस यूनिट और विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्रवाई की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram