फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमशेदपुर में बनेगा IDTR, परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच हुआ MoU

महिला सशक्तिकरण और रोजगार को मिलेगी रफ्तार, ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया बनेगी पारदर्शी व समयबद्ध

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। झारखंड में आधुनिक, सुरक्षित और सुदृढ़ परिवहन प्रणाली स्थापित करने की दिशा में मंगलवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। रांची स्थित झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में राज्य परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में ‘इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग, ट्रेनिंग एंड रिसर्च’ (IDTR) की स्थापना हेतु समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाने, यातायात अनुशासन स्थापित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है। IDTR की स्थापना से स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों पर आधारित आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे उनके कौशल विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

जनसंवाद और ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया का सरलीकरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों (जैसे धनबाद, पलामू, सरायकेला-खरसावां) के लाभुकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। उन्होंने आवेदकों से लर्निंग व ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की समयसीमा, वाहन श्रेणी और प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी आम नागरिक या पात्र आवेदक प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण परेशान न हो।

उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों (DCs) को लंबित ड्राइविंग लाइसेंस आवेदनों की तत्काल समीक्षा कर उनका त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का आदेश दिया। विशेष रूप से हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस (HVDL) और लर्निंग लाइसेंस की व्यवस्था को अधिक सरल और सुलभ बनाने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक युवा इस क्षेत्र से जुड़ सकें। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि कार्यक्रम के तहत राज्य के 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग व लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण और समान अवसर

राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार पुरुषों और महिलाओं दोनों को समान अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परिवहन और वाणिज्यिक वाहन ड्राइविंग के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस प्राप्ति की प्रक्रिया को महिलाओं के लिए विशेष रूप से सुलभ और पारदर्शी बनाया जाएगा। इससे महिलाएं हुनरमंद बनकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी और स्व-रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करेंगी।

टाटा मोटर्स के साथ ऐतिहासिक साझेदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि वे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयासरत थे। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में टाटा मोटर्स के दीर्घकालिक अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं को मिलेगा। यह संस्थान न केवल कुशल चालकों का निर्माण करेगा, बल्कि सड़क सुरक्षा जागरूकता, सिमुलेटर ट्रेनिंग, अनुसंधान और परिवहन नवाचारों का भी एक प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस एमओयू हस्ताक्षर समारोह में परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, परिवहन सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया और जनरल मैनेजर गोलम मंडल सहित शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram